फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोटा में भीषण हादसा: एमपी के आठ श्रद्धालुओं की मौत, 15 से ज्यादा घायल; पुल से 15 फीट नीचे गिरी मिनी बस

Sat, 17 Oct 2026 09:10 AM IST
कोटा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटा

सार

राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सीमलिया के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। करीब 25 यात्रियों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के रहने वाले करीब आठ लोगों की मौत हो गई है ।
विज्ञापन
नाले में गिरी यात्रियों से भरी गाड़ी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीमलिया थाना क्षेत्र में भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर नाले के ऊपर बने पुल से टकराई और करीब 15 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में बैतूल के रहने वाले करीब आठ लोगों की मौत की खबर है, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों का आईसीयू में इलाज चल रहा है। यह हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे आठ लेन वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ। वाहन में 25 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।

विज्ञापन



 

पुल से टकराकर 15 फीट नीचे नाले में गिरी टेंपो ट्रैवलर

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु भोपाल से टेंपो ट्रैवलर में सवार होकर खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे। कोटा के सीमलिया थाना क्षेत्र में अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वह नाले के ऊपर बने पुल से टकराकर करीब 15 फीट नीचे जा गिरा।
हादसे में कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। नाले में पानी और कीचड़ होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी आई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहे थे श्रद्धालु, सभी एक-दूसरे को जानते थे

कोटा ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा ने हादसे में करीब आठ लोगों की मौत और 15 से अधिक यात्रियों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बस में सवार यात्री अलग-अलग परिवारों से थे, लेकिन सभी एक-दूसरे को जानते थे।

विज्ञापन

इस यात्रा की योजना बनाने वाला व्यक्ति भी टेंपो ट्रैवलर में सवार था। वह भी हादसे में घायल हुआ है और कोटा मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि रात में वाहन चलाने के दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई होगी। इसी वजह से टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

गंभीर घायलों को आईसीयू में भर्ती कराया गया

कोटा के जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि हादसे में घायल सभी यात्रियों का इलाज किया जा रहा है। जिनकी हालत गंभीर है, उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। प्रशासन घायलों के उपचार पर नजर रख रहा है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। दुर्घटना में आठ लोगों की मौत की खबर से उनके परिवारों में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान हो चुकी है। इसमें अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू के नाम शामिल हैं। वहीं एक शव की पहचान नहीं हो पाई है। घायलों में वंदिता पुत्री रविंद्र झरबड़े, अजय गावंडे पुत्र मरोतराव गावंडे, वेदांत झरबड़े पुत्र योगेश झरबड़े, मोहनिस झरबड़े पुत्र रविंद्र झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े पुत्री कमलेश झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ पत्नी संतोष गायकवाड़, सारांश पुत्र कमलेश झरबड़े के नाम सामने आए हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें