बांधवगढ़ में नियमों में कड़ा बदलाव किया गया है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने वन्यजीव सफारी के दौरान पर्यटकों द्वारा मोबाइल फोन के अनधिकृत इस्तेमाल को रोकने के लिए नियमों में कड़ा बदलाव किया है। नई व्यवस्था के अंतर्गत सफारी वाहनों में रखे मोबाइल बॉक्स की चाबियां अब जिप्सी चालकों या गाइडों के पास रहने के बजाय प्रवेश गेट और संबंधित पर्यटन जोन के सेंटर पॉइंट पर जमा कराई जाएंगी।
पुरानी व्यवस्था में शिकायतें
इससे पहले, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने सभी जिप्सी संचालकों को वाहनों में पर्यटकों के मोबाइल रखने के लिए विशेष बॉक्स लगाने के निर्देश दिए थे। उस समय सफारी शुरू होने से पहले पर्यटकों के मोबाइल फोन बॉक्स में रखकर लॉक कर दिए जाते थे और उसकी चाबी चालक या गाइड के पास रहती थी। हालांकि, प्रबंधन को सफारी के दौरान पर्यटकों द्वारा चालकों अथवा गाइडों से चाबी लेकर बीच रास्ते में ही बॉक्स खोलकर मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की कई शिकायतें मिलीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रिजर्व प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए चाबियों को जमा करने की प्रक्रिया में यह बदलाव किया।
ये भी पढ़ें-
11 साल से बन रही NH-43 पर जाम में फंसा बीमार युवक, इलाज के लिए शहडोल ले जाते समय थम गई सांसें
सेंटर पॉइंट पर मिलेगी मोबाइल सुविधा
नई व्यवस्था के अनुसार सफारी प्रारंभ होने से पूर्व मोबाइल बॉक्स की एक चाबी प्रवेश गेट पर और दूसरी चाबी संबंधित पर्यटन जोन के सेंटर पॉइंट पर जमा होगी। सफारी के दौरान यदि किसी पर्यटक को किसी जरूरी काम से मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना पड़ता है, तो वह केवल सेंटर पॉइंट पर पहुंचकर ही बॉक्स खोलकर मोबाइल निकाल सकेगा। इस्तेमाल के बाद मोबाइल को फिर से बॉक्स में रखकर लॉक करना होगा।
पर्यटन अधिकारी राहुल किरार के अनुसार चाबियां गेट और सेंटर पॉइंट पर रहने से सफारी के दौरान मोबाइल के अनधिकृत इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगेगी और पर्यटकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।