बालाघाट जिले में होली पर्व के दिन तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन युवकों की पानी में डूबने से मौत हो गई। पहली घटना परसवाड़ा थाना अंतर्गत बघोली के समीप जलगांव जलाशय की है। वहीं, दूसरी घटना बैहर थाना अंतर्गत ग्राम साडा से बहकर जाने वाली बंजर नदी में डूबकर एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तीसरी घटना लांजी थाना अंतर्गत पौनी ग्राम के सोन नदी में नहाते समय 12 वर्षीय बच्चे की पानी में डूबने से मौत हो गई।
परसवाड़ा पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजय पोगरे पिता दिनेश पोगरे उम्र 18 वर्ष निवासी खरपडरिया होली के दिन रंग खेलने के बाद ग्राम खरपडरिया के 4 युवक ग्राम बघोली के समीप जलगांव जलाशय में नहाने के लिये गये हुये थे। चारों युवक नहाने के लिये जलाशय में गये, जिनमें से तीन युवक बाहर आ गये। वहीं, अजय की गहरे पानी में डूब जाने से उसकी मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने युवक का शव बाहर निकाला।
बैहर थाना अंतर्गत ग्राम साडा के समीप बंजर नदी में डोमेन्द्र बिसेन पिता संतोष बिसेन उम्र 30 वर्ष ग्राम मचगांव नहाने के लिये कटोतियाघाट बंजर नदी गया हुआ था। नहाते नहाते वह गहरे पानी में चला गया और पानी में डूब गया। ग्रामीणों की सहायता से युवक के शव को बाहर निकाला गया।
पौनी निवासी आदि पिता हरिकिशन मात्रे उम्र 12 वर्ष अपने घर से रंग खेलने के पश्चात गांव के समीप सोन नदी में नहाने गया था। नहाते समय बालक आदि नदी के दलदल में फंस गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमॉर्टम कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया।