घोड़ाडोंगरी से विधायक ब्रह्म भलावी ने अधिकारियों के लिए कह दिया कि कुत्ता तो कुत्ते का मुंह ही चाटेगा।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के बैतूल में कांग्रेस विधायक ने अधिकारियों के लिए आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया है। विधायक महोदय अपने समर्थक को गलत बताए जाने पर नाराज थे। उन्होंने धरना देते हुए अधिकारियों के लिए कह दिया कि कुत्ता तो कुत्ते का मुंह ही चाटेगा। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। नेताजी सहायक यंत्री व उपयंत्री को हटाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
जानकारी के अनुसार बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी से विधायक ब्रह्म भलावी के क्षेत्र में निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें करीब 600 लोग मस्टर पर मजदूरी कर रहे हैं। इस निर्माण कार्य स्थल पर पहुंचे विधायक प्रतिनिधि चौपना मिथुन विश्वास पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए लोगों ने उन्हें पीट दिया। शिकायत पर जांच हुई तो अधिकारियों ने जांच प्रतिवेदन में भी विधायक प्रतिनिधि मिथुन विश्वास की गलती बता दी। इससे झल्लाते हुए विधायक भलावी धरने पर बैठ गए और उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े सहायक यंत्री व उपयंत्री को हटाने की मांग कर दी है।