फिल्म 'थ्री इडियट' के क्लाइमैक्स में दिखाया जाता है कि जब हीरोइन की बहन को प्रसव पीड़ा होती है तो अचानक लाइट चली जाती है।
ये किस्सा मध्य प्रदेश के भोपाल के एक अस्पताल में सच हो गया।
यहां महिला के प्रसव के दौरान अचानक बत्ती गुल हो गई। रोशनी के वैकल्पिक इंतजाम न होने पर मोबाइल की रोशनी में महिला का प्रसव कराया गया।
महिला ने सुंदर बच्ची को जन्म दिया। महिला ने बच्ची का नाम रोशनी रखा है।
सपना नाम की इस महिला को यहां के जे पी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां रविवार को उसके प्रसव की तैयारी चल रही थी कि इसी बीच बिजली गुल हो गई।
अस्पताल का जनरेट भी खराब था और इसलिए रोशनी के वैकल्पिक इंतजाम न होने पर मोबाइल की रोशनी में प्रसव कराया गया। सपना ने मोबाइल की रोशनी में हुई अपनी संतान का नाम रोशनी रखा है।
उसने बताया कि उसे कोई परेशानी नहीं हुई, लेकिन प्रसव के दौरान अंधेरा छा गया था जिसके बाद वहां मौजूद अस्पताल कर्मियों ने मोबाइल से रोशनी की। सपना के पति राजू कुशवाहा पेशे से माली हैं।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अंजनी कुमार ने माना कि प्रसव के दौरान बिजली गुल हो गई थी।
उनका कहना है कि विद्युत विभाग को अस्पताल की विद्युत व्यवस्था में सुधार लाने के लिए आवश्यक राशि जमा की जा चुकी है, लेकिन अब तक उसे सुधारा नहीं गया है।