ग्रामीणों ने भैंस के बच्चे लेकर धरना दिया।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में एक किसान की पांच भैंस चोरी होने मामला चर्चा में आया है। दरअसल पुलिस मामले में एफआईआर नहीं लिख रही थी, तब ग्रामीणों ने अजब प्रदर्शन किया। वे चोरी गई भैंसों के बछड़े लेकर एसपी ऑफिस पहुंच गए। वीडियो वायरल होने के बाद आखिरकार पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
ईशागढ़ थाना प्रभारी दीप्ति तोमर ने बताया कि मामला महोली गांव का है। यहां रहने वाले दौलत पाल ने अपने मवेशियों को तीन दिन पहले पास के जंगल में चरने के लिए छोड़ दिया गया था, लेकिन पांच भैंस लौटकर नहीं आईं। इसकी शिकायत ग्रामीण ने अगले दिन ईसागढ़ थाने में की। वहां ग्रामीण से एक आवेदन ले लिया गया।
मवेशी मालिक दौलत पाल ने दावा किया कि उन्होंने चोरी की शिकायत दर्ज करने के लिए पुलिस से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद उन्होंने पांच बछड़ों और अन्य ग्रामीणों के साथ विरोध प्रदर्शन किया। वे कलेक्ट्रेट के गेट पर बैठ गए थे। इस अनोखे प्रदर्शन का वीडियो वायरल हो रहा है।
पाल ने कहा कि इलाके में मवेशियों की चोरी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि साढ़े तीन लाख रुपये में भैंसें खरीदी थीं और इसके लिए कर्ज लिया था। तोमर ने कहा कि पुलिस ने अब भारतीय दंड संहिता की धारा 379 के तहत मामला दर्ज किया है।