नईसराय पुलिस ने मंगलवार को साइबर ठगी की साजिश रच रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो लग्जरी कारें, लैपटॉप, मोबाइल, सैकड़ों सिम कार्ड, बैंक खातों की वेलकम किट, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और नकदी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुना जिले के पिपरौदा कला निवासी छोटू उर्फ चंद्रपाल यादव और नानाखेड़ी निवासी दीपक ओझा के रूप में हुई है। नईसराय पुलिस ने दोनों आरोपियों को विजयपुरा मार्ग से पकड़ा है और रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़ें-
एमपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा 19 नवंबर से, बेहतर तैयारी के लिए पाठ्यक्रम और अंक विभाजन को ध्यान से समझें
साजिश रच रहे थे, तभी पहुंच गई असली पुलिस
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रुसल्ली निवासी रंजीत यादव और अन्य साथियों के साथ मिलकर आगरा निवासी राजू उर्फ पवन से करीब 30 लाख रुपये ठगने की साजिश रची थी। गिरोह के बदमाशों ने पुलिसकर्मी बनकर राजू को पकड़ा था और उससे रुपयों के सेटलमेंट पर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान नईसराय पुलिस ने दबिश दी और ठगी की यह साजिश नाकाम हो गई। आरोपियों ने बताया कि इस काम में टाटा नेक्सॉन समेत तीन कारें शामिल थीं।
दूसरे राज्यों में गिरोह के नेटवर्क की जांच
आरोपियों के साथियों के पास पुलिस के वायरलेस सेट थे और कारों पर पुलिस का मोनोग्राम लगा था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी फरार हो गए। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी दूसरे लोगों के आधार कार्ड और पहचान दस्तावेज से बैंक खाते खुलवाकर बेचते थे। इन फर्जी खातों से संदिग्ध लेन-देन किए जाते थे। पुलिस बैंक खातों के लेन-देन और दूसरे राज्यों में गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है।