अनूपपुर जिले के जैतहरी पुलिस ने सिवनी डोंगरी निवासी 22 वर्षीय गोवर्धन कोल की हत्या का 48 घंटे में खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन मृतक और आरोपी एक ही स्थान पर गए थे। इसी दौरान पेट्रोल खत्म होने के बाद पेट्रोल लेने गए और वापस लौटकर साथियों के साथ बैठकर शराब पी। शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गोवर्धन की हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को गोवर्धन के पिता प्रेमलाल कोल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 सितंबर की रात गणेश विसर्जन के लिए जाने के बाद गोवर्धन लापता है। तलाश के दौरान मंडल के बगीचा के पास उसकी मोटरसाइकिल का टूटा क्लच केबल और चप्पल मिली। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन गोवर्धन और आरोपी साथ गए थे। उनकी गाड़ी का पेट्रोल खत्म होने पर आरोपी पेट्रोल लेने गए। बाद में सभी ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर गोवर्धन और आरोपियों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान गोवर्धन ने आरोपियों के परिवार से जुड़ी एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उनके परिवार का एक युवक आरोपी के परिवार की किशोरी को अपने साथ भगा ले गया था, तब उन्होंने क्या कर लिया, अब क्या बिगाड़ लेंगे।
ये भी पढ़ें-
इंदौर: शादी के चार माह बाद युवक ने दे दी जान, सुसाइड नोट में बताई पत्नी के अफेयर की वजह
पुलिस के मुताबिक इस बात से आरोपी आक्रोशित हो गए और गोवर्धन के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को चार पहिया वाहन में रखकर सिवनी डोंगरी के जंगल में झाड़ियों के बीच फेंक दिया गया। लगातार तलाश के दौरान गोवर्धन का शव जंगल में मिला। पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल की जांच की तथा शव का पोस्टमार्टम कराया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने सूरज राठौर, राहुल सिंह राठौर, तेजराज राठौर, दिनेश गोड और राहुल राठौर, सभी निवासी सिवनी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार, घटना के समय पहने कपड़े, मोटरसाइकिल, ईको कार और मृतक का पर्स जब्त किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 103(1), 238 तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं 3(1)(द), 3(1)(ध) और 3(2)(v) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय अनूपपुर में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है।