सार
MP News: सागर के महाराजपुर में पति ने पत्नी से मोबाइल छीन लिया, जिसके बाद गुस्साई पत्नी ने पति के हाथ की उंगलियां काट दी। बताया जा रहा है कि पत्नी मोबाइल पर बात कर रही थी, तब पति को शक होने लगा और उसने पत्नी के हाथ से मोबाइल छुड़ा लिया, जिससे नाराज पत्नी ने पति के एक हाथ की उंगलियां काट डाली।
महाराजपुर में पत्नी के फोन पर बात करने से नाराज पति ने फोन छीन लिया, जिसके बाद पत्नी ने पति की उंगिलयां काट दी। घटना गुरुवार की रात्रि करीब 10:00 बजे के आसपास की है, जब रात्रि में पत्नी राधा रानी सोनी मोबाइल पर बात कर रही थी। मोबाइल पर बात करते देख पति लक्ष्मीकांत सोनी को शक हो गया और उसने अपनी पत्नी के हाथ से मोबाइल छीन लिया।
दोनों ने दर्ज करवाई शिकायत
इस हरकत से नाराज हुई पत्नी ने पति के हाथ की उंगलियों को मुंह से बुरी तरह काट दिया, जिससे उंगली का नाखून अलग हो गया और पूरा हाथ लहुलुहान हो गया। 52 वर्षीय पति लक्ष्मीकांत ने पुलिस थाना महाराजपुर पहुंचकर पत्नी राधा रानी सोनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना के कुछ देर बाद पत्नी राधारानी सोनी भी पुलिस थाने पहुंची और पति द्वारा मारपीट करने की शिकायत की है।