आरोपियों से जब्त की गई चोरी की एक्टिवा।
- फोटो : सोशल मीडिया
शराब दुकान पर डकैती डालने की योजना बनाते पांच आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी इतने शातिर थे कि चोरी की एक्टिवा से ही वारदात करने जाते थे। इतना ही नहीं एक्टिवा सिर्फ 56 दुकान से चुराते थे। इनके पास से पुलिस ने हथियार और चोरी की एक्टिवा बरामद की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि चार पांच लोग नावदापंथ ब्रिज के नीचे नावदापंथ स्थित शराब की दुकान पर डकैती डालने की योजना बना रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। रात को छिपकर देखा तो कुछ लोगों की आवाज सुनाई थी। वे सभी आपस में बात कर रहे थे कि शराब दुकान लूटना है। उनके पास तीन एक्टिवा खड़ी थी। पुलिस ने घेराबंदी कर पांच लोगों को पकड़ा। इनको थाने लाकर पूछताछ की तो वारदात के बारे में पता चला। आरोपियों के नाम कुणाल पिता संजय वंशकार निवासी द्वारकापुरी इंदौर, परेश पिता राजेश प्रजापत निवासी प्रजापत नगर इंदौर, आर्यन पिता ललित राठौर निवासी स्कीम नंबर 71 इंदौर है। दो आरोपी नाबालिग हैं। आरोपियों के पास से लोहे की रॉड, चाकू, फालिया और मिर्च के पैकेट मिले। एक्टिवा के बारे में पूछने पर बताया कि वे चुराकर लाए थे।
56 दुकान से चुराते थे एक्टिवा
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से चार एक्टिवा जब्त की गई है। अपनी पहचान छिपाने के लिए वे एक्टिवा से जाते थे। चारों एक्टिवा 56 दुकान से चुराई गई थी जिनकी चोरी की रिपोर्ट दर्ज है। आरोपियों के अनुसार 56 दुकान से चोरी करना आसान रहता था। इस कारण वे वहीं से एक्टिवा चुराते थे और आराम से भाग जाते थे।