भोपाल में 350 करोड़ कीमत की शासकीय भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल जिला प्रशासन ने 350 करोड़ कीमत की 5 एकड़ शासकीय भूमि अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई। जानकारी के अनुसार पूर्व कांग्रेस पार्षद आशा जैन ने चूना भट्टी में शासकीय भूमि खसरा नंबर 66/2, 66/3, 66/4 पर अवैध कब्जा कर रखा था। यहां पर टीन की चादर डाल कर गैरेज और दुकानों का निर्माण किया गया था। जिनसे किराए के रूप में प्रतिमाह 4 से 5 लाख रुपये की वसूली की जा रही थी। इसकी शिकायत मिलने पर जिला प्रशासन, नगर निगम ने अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की।
सोमवार को प्रभारी तहसीलदार टीटी नगर मनीष मिश्रा, नायब तहसीलदार परवेज अली, थाना प्रभारी चूनाभट्टी नितिन शर्मा, राजस्व निरीक्षक अरविंद दुबे, अतिक्रमण प्रभारी नासिर खान सहित नगर निगम जेसीबी अमला व पुलिस बल मौके पर पहुंचा और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। यहां पर बनी दुकान संचालकों को अपना सामान हटाने के लिए कहा गया है। जिसके तहत मंगलवार को भी अतिक्रमण अमला कार्रवाई करेगा। अवैध कब्जा की गई 5 एकड़ जमीन की कीमत 350 करोड़ रुपये बताई जा रही है।