समाजसेवियों ने दिलाई नई साइकिल।
- फोटो : अमर उजाला
महिलाओं के सम्मान के लिए होशंगाबाद के रहने वाले सुरेंद्र बामने 27 दिन से मध्यप्रदेश में साइकिल यात्रा कर रहे हैं। सुरेंद्र प्रदेश के हर जिले में जाकर कलेक्टर और महिला बाल विकास अधिकारी को ज्ञापन देकर सरकार से मांग कर रहे हैं कि महिलाओं को सैनिटरी पैड मुफ्त दिए जाएं।
साइकिल यात्रा निकाल रहे सुरेंद्र ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कुछ दिन पहले उसे मिलने के लिए बुलाया था। लेकिन, वह अभी सीएम से मिलने के लिए नहीं गया है। सुरेंद्र ने कहा कि अभी उसकी यात्रा पूरी नहीं हुई है, यात्रा खत्म करने के बाद वह सीएम से जरूर मिलेगा। दमोह पहुंचने पर सुरेंद्र ने बताया कि वह 65 दिन में 13 जिलों की यात्रा कर कलेक्टरों को आवेदन सौंप चुका है।
अपनी यात्रा को लेकर सुरेंद्र ने बताया कि एक बार वह ट्रेन में यात्रा कर रहा था। इस दौरान एक भीख मांगने वाली किशोरी को पीरियड के कारण समस्या का सामना करना पड़ा था। उस समय उसने किशोरी की मदद की और मन में निर्णय लिया कि अगर, सरकार की ओर से सैनिटरी पैड निशुल्क दिए जाएं तो गरीब तबके की किशोरी, युवती या महिला को ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके बाद उसने अपनी मांग को लेकर साइकिल से यात्रा करने का निर्णय लिया।
सुरेंद्र ने शहर के अस्पताल चौराहे पर पहुंचकर लोगों को अपनी मांग को लेकर जागरूक किया। उसकी खराब साइकिल की हालत देखकर शहर के समाजसेवियों ने उसे एक नई साइकिल भी भेंट की।