कोरोना महामारी के इस संकट के समय में डॉक्टर लोगों के लिए भगवान से कम नहीं हैं। ये खुद की जान की परवाह किए बगैर हजारों लोगों की जान आज बचा रहे हैं। इन्हीं डॉक्टरों में से एक ऐसा डॉक्टर भी है जिसने सभी को शर्मसार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। महिला मरीज को देखना तो दूर उसके परिजन से सही से बात तक नहीं की और उन्हें गालियां और धमकी दी।
यह मामला जबलपुर के जिला अस्पताल विक्टोरिया का है। कारण सिर्फ इतना था कि देर रात ड्यूटी पर सो रहे चिकित्सक की नींद में खलल पड़ गया। यहां पर देर रात एक परिवार अपने मरीज को लेकर अस्पताल पहुंचा। वहां पर काफी देर तक पहले डॉक्टर को ढूंढते रहे। पता चला कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर भरत दुबे तो नींद पूरी कर रहे हैं। उन्हें उठाने की गलती मरीज के परिजनों ने कर दी और बस फिर क्या था... डॉक्टर साहब को गुस्सा आ गया।
डॉ. दुबे ने मरीज को देखने से इनकार कर दिया और परिजन को गालियां देने लगे। परिजन हाथ जोड़ कर चिकित्सक से विनती करते रहे कि आप मरीज को एक बार देख लो लेकिन डॉक्टर साहब अपनी मरीज के प्रति जिम्मेदारी और फर्ज दोनों ही भूल गए।
मरीज महिला के बेटे-बेटी डॉक्टर के हाथ जोड़ कर रोते रहे
इस दौरान मरीज महिला के बेटे-बेटी डॉक्टर के हाथ जोड़ कर रोते रहे कि मेरी मां को देख तो लो डॉक्टर साहब। एक बार चैक तो कर लो। लेकिन भरत दुबे ने मरीज की तरफ आंख उठा कर देखना भी उचित नहीं समझा और लगातार गालियां और धमकियां देते रहे। महिला मरीज की तबीयत और खराब होती रही।
जब उनसे कहा गया कि गालियां मत दो तो उन्होंने कहा- क्या कर लेगा तू, रुक तुझे मैं बताता हूं। फोन पर कॉल करने के लिए नंबर डायल करने लगे। इस दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया जिसके बाद वह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।