फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होली पर मातम: भिंड में जहरीली शराब पीने से पांच लोग मरे, पुलिस बोली- बीमारी से हुई मौत

Thu, 01 Apr 2021 09:48 AM IST
प्रियंका तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भिंड

सार

भिंड में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत की आशंका
क्षेत्र में धड़ल्ले से बिक रही उत्तर प्रदेश से लाई गई जहरीली शराब
पुलिस ने कहा- जांच के बाद स्थिति होगी साफ 
विज्ञापन
भिंड में जहरीली शराब पीने से पांच की मौत - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भिंड के लहार क्षेत्र के असनेट गांव में होली के मौके पर उस वक्त मातम छा गया जब जहरीली शराब पीने के कारण यहां के रहने वाले पांच लोगों की मौत हो गई। इसी गांव के दो लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि, स्थानीय पुलिस जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो जाने की बात से इनकार कर रही है। दरअसल, पुलिस का कहना है कि जहरीली शराब से मौत के मामले में न तो किसी ने की शिकायत की है और न ही शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। लहार के एसडीओपी अवनीश बंसल ने कहा, ‘असनेहट गांव में मैं खुद जांच करने के लिए गया था। मुझे किसी ने नहीं बताया कि मौतें शराब पीने से हुई हैं। बीमार होने से मौत बताई गई हैं। वहीं, जिन मृतकों का पोस्टमार्टम हुआ है, उनकी रिपोर्ट देखने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।’

विज्ञापन


इसके उलट पूर्व मंत्री और लहार विधायक गोविंद सिंह का कहना है कि लहार क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की जहरीली शराब बेची जा रही है, जिसके चलते पांच लोगों की मौत हुई है। इतना ही नहीं विधायक ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये सहायता राशि दिए जाने की मांग भी की है। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि मध्यप्रदेश में बीते एक साल में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का यह पांचवां मामला है, जो सामने आया है। इनमें से अब तक 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

विधायक डॉ. गोविंद सिंह ने आरोप लगाया है कि जिले में शराब की बिक्री पर पाबंदी के बावजूद भी अवैध शराब का कारोबार तेजी से चल रहा है। उनका कहना है कि जिले की यूपी सीमा पर स्थित दो गांव में पांच लोगों की मौत जहरीली शराब पीने के कारण हुई है। इधर, इस पूरे मामले की जांच के लिए एसडीओपी लहार और आबकारी अफसर गांव पहुंचे, लेकिन स्थिति स्पष्ट न हो सकी।

विज्ञापन

असनेट गांव में तीन की मौत

असनेट गांव के सरपंच देवेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि 40 वर्षीय संजय की होली के दिन शराब पीते ही तबीयत बिगड़ गई। ऐसे में उन्हें इलाज के लिए ग्वालियर ले जाया गया, जहां बुधवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आशंका है कि संजय की तबीयत जहरीली शराब पीने से बिगड़ी थी। कुछ गांव वाले होली के दिन 35 साल के बल्लू कुशवाहा की हुई मौत पर भी यही आशंका जता रहे हैं कि उनकी मौत भी जहरीली शराब पीने के कारण हुई। इसके अलावा ऐसा माना जा रहा है कि असनेट गांव में रिश्तेदार के घर आए ऊदल सिंह की मौत भी जहरीली शराब पीने से ही हुई। हालांकि, इन लोगों के परिजन इस मामले में चुप्पी साधे बैठे हैं। पुलिस का कहना है कि इन तीनों मृतकों में से किसी का भी पोस्टमार्टम तक नहीं कराया गया।

दो लोगों का इलाज जारी

वहीं, इसी गांव के अनूप सिंह राजावत जिला अस्पताल में भर्ती हैं। उनका कहना है कि होली के दिन उन्होंने गांव में क्वार्टर खरीद कर पिया था। रात के समय पेट में जलन हुई तो उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। इसके अलावा इसी गांव के धर्मेंद्र सिंह ने भी होली के दिन शराब पी थी, जिसके बाद उनकी आंखों की रोशनी कम होने लगी थी। ऐसे में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें आगे के इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

विज्ञापन

दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

इधर, मिहोना थाना क्षेत्र के अंतर्गत जैपुरागुढ़ा में दो लोगों की हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को भी जहरीली शराब से जोड़ा जा रहा है। हालांकि, इन दोनों ही मामलों में पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर बिसरा जांच के लिए भिजवा दिया है। मिहोना थाना प्रभारी संजय सिंह के अनुसार जैपुरागुढ़ा निवासी 55 वर्षीय हरेंद्र सिंह सोमवार की रात को खाना खाकर सो गए थे। अगले दिन मंगलवार को वह मृत पाए गए। इसी तरह से जैपुरागुढ़ा निवासी 45 साल के अशोक भी सोमवार की रात में खाना खाकर सो गए थे और अगले दिन मंगलवार को मृत पाए गए।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें