विशिष्ट अतिथि उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि सैनिक स्कूल उन तमाम मेधावियों का सृजनकर्ता रहा है, जो एक लंबी परंपरा के तहत देश सेवा में जुटे हुए हैं। माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि अब यूपी सैनिक स्कूल में बेटियां भी प्रवेश पा रही हैं, जो कि प्रधानमंत्री जी की ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ भावना के अनुरूप है।
सैनिक स्कूल के चयनित छात्र सैनिक ऑनलाइन माध्यम से विद्यालय की हीरक जयंती के प्रत्यक्षदर्शी एवं सहभागी बने। इस मौके पर अपर मुख्य सचित गृह अवनीश अवस्थी, मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम, सेवानिवृत्त ले. जन. आरपी शाही, विशेष सचिव माध्यमिक शिक्षा आर्यका अखौरी और विद्यालय के प्रधानाचार्य ले. कर्नल उदय प्रताप सिंह मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने हीरक जयंती प्रतीक चिह्न और स्पेशल कवर का विमोचन कराया।
सैनिक स्कूल के डायमंड जुबली वर्ष में प्रवेश के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक विशेष डाक आवरण व विरूपण का विमोचन भी किया। चीफ पोस्टमास्टर जनरल कौशलेन्द्र कुमार सिन्हा ने इस विशेष आवरण की प्रथम प्रति मुख्यमंत्री को भेंट की।
सिन्हा ने कहा कि डाक विभाग तमाम प्रमुख संस्थानों के योगदान को चिह्नित करने के लिए उन पर विशेष डाक आवरण जारी करता है और इसी कड़ी में कैप्टन मनोज कुमार पांडेय यूपी सैनिक स्कूल की डायमंड जुबली पर इसे जारी करके प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है।
लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएं कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि उक्त विशेष डाक आवरण से न सिर्फ यूपी सैनिक स्कूल की पहचान को नए आयाम मिलेंगे, बल्कि तमाम डाक टिकट संग्रहकर्ता इसके माध्यम से शोधपरक जानकारी को बढ़ावा दे सकेंगे। इस विशेष आवरण का मूल्य 25 रुपये हैं और इसे फिलेटलिक ब्यूरो, लखनऊ जीपीओ से प्राप्त किया जा सकता है।