निगोहां। क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी पत्नी और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी मोहनलालगंज भेजा है। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
थानाध्यक्ष अनुज तिवारी ने बताया कि अकबरपुर बेनीगंज गांव के रहने वाले श्रमिक सुनील कुमार (38) अपनी पत्नी सुनीता और दो बच्चों कुसुम (10) व दो माह की बच्ची के साथ बछरावां के तोरड़पुर गांव स्थित ससुराल में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। लालपुर गांव स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी मोहनलालगंज भेजा। वहां इलाज के दौरान सुनील को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी और दोनों बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुनील ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष अनुज तिवारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।