गोसाईगंज। सुल्तानपुर रोड स्थित गौरिया मोड़ के पास शुक्रवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार रायबरेली के ऊंचाहार नाजेपुर गांव निवासी शुभम सिंह (21) की मौत हो गई। हादसे में शुभम के चचेरे मामा प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गए।
इंस्पेक्टर गोसाईंगंज डीके सिंह के मुताबिक शुभम सिंह मामा प्रशांत के साथ चिनहट के लौलाई गांव में किराये के मकान में रहता था। दोनों ठेके पर भूमिगत केबल डालने का काम करते थे। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे शुभम प्रशांत की बाइक पर पीछे बैठकर काम के सिलसिले में गोसाईगंज जा रहे थे। गोसाईगंज में गुमटी नंबर पांच के पास गौरिया मोड़ पर अज्ञात वाहन से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने दोनों को पीजीआई स्थित अपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रशांत का इलाज चल रहा है। पुलिस ने छानबीन के बाद परिजनों को घटना की सूचना दी। अस्पताल पहुंचे मामा महेंद्र ने शुभम की पहचान की।