लखनऊ। अस्पताल में भर्ती भाई को देखकर बाइक से लौट रहे प्रतीक सिंह (24) की रहीमाबाद स्थित तरौना गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के वक्त प्रतीक ने हेलमेट पहना हुआ था। हरदोई के संडीला स्थित बछीटा गांव निवासी प्रतीक सिंह (24) परचून की दुकान पर नौकरी करता था। चाचा उदय पाल सिंह ने बताया कि उनका बड़ा भतीजा करन ठाकुरगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती था। प्रतीक उसे देखने बृहस्पतिवार को अस्पताल गया था और देर रात मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रतीक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उसके पास मिले मोबाइल से पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। प्रतीक के परिवार में मां कमलेश, बड़ा भाई करन और बहन प्राची हैं। इंस्पेक्टर रहीमाबाद अरुण कुमार ने बताया कि थाने पर हादसे के संबंध में कोई सूचना नहीं है।