लखनऊ के बंथरा थानाक्षेत्र में बहन को स्कूल छोड़कर लौट रहे दीपक श्रीवास्तव (22) की हादसे में मौत हो गई। इंस्पेक्टर रमेश सिंह रावत ने बताया कि संतोष श्रीवास्तव का बेटा दीपक एक निजी कंपनी में काम करता था। शुक्रवार सुबह वह छोटी बहन अंचल को इलाके के ही एक स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था।
हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार डीसीएम वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दीपक की मौत हो गई। हादसे की खबर सुनते ही मां रंजना पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। इंस्पेक्टर ने बताया कि पांच भाई-बहन में इकलौता बेटा था।
शताब्दी बस ने ली बाइक सवार की जान
प्रतीकात्मक तस्वीर
वहीं निगोहां में रायबरेली हाईवे पर दखिना टोल प्लाजा के पास शुक्रवार को शताब्दी एयर कोच बस ने बाइक सवार को कुचल दिया। चालक टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर भाग निकला। पुलिस ने नाकाबंदी कर चालक को पकड़ लिया। मौके पर मिले मोबाइल से शव की शिनाख्त कर परिवारीजनों को जानकारी दी गई।
रायबरेली के राजमाऊ टेरा-बरौला निवासी किसान शिवचरन (50) शुक्रवार दोपहर बाइक से जवाहरखेड़ा में बेटी नन्हकई को खिचड़ी देने आ रहे थे। बाइक जैसे ही टोल प्लाजा से सौ मीटर पहले गांव जाने वाले मार्ग पर मुड़ी तो पीछे से प्रयागराज से लखनऊ की ओर जा रही शताब्दी एयर कोच बस ने ठोकर मार दी। किसान बस के पिछले टायर के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई।
कार की टक्कर से बाइक सवार घायल
लखनऊ के गोमती नगर में बाइक सवार को टक्कर मारकर कार सवार भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार निर्माण निगम कर्मी देवी दयाल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक, उनके बेटे अनूप अवस्थी की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।