आलमबाग। चंदरनगर में किराये पर रहने वाली युवती का शव मंगलवार शाम कमरे में फंदे से लटका मिला। युवती के साथ रहने वाला युवक गायब है। शव तीन से चार दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था। युवती के साथ रहने वाला युवक गायब है। पुलिस को युवती का नाम संध्या पता चला है। हालांकि, उसके सही पते और परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
इंस्पेक्टर आलमबाग रामबाबू सिंह ने बताया कि मकान मालिक राहुल अरोड़ा ने तीसरी मंजिल के कमरे से दुर्गंध आने पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। मकान मालिक ने बताया कि जालौन निवासी बाबू कुशवाहा ने दो माह पहले कमरा किराये पर लिया था। उसने खुद को एसटीएफ कर्मी बताया था और युवती को अपनी पत्नी संध्या बताया था।
पुलिस ने मकान मालिक से बाबू का मोबाइल नंबर लेकर उससे संपर्क किया तो पता चला कि 10 दिन पहले मध्य प्रदेश पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी था। वह मंगलवार को ही जमानत पर रिहा हुआ था। पुलिस ने बाबू को युवती के बारे में बताया और लखनऊ आने के लिए कहा। परिजनों की जानकारी मांगने पर उसने फोन काट दिया। दोबारा संपर्क करने पर बाबू ने बताया कि युवती जालौन की रहने वाली है। बाद में मोबाइल बंद कर लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों का पता लगाया जा रहा है।