स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में देश भर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों से अपने घरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आसपास के भवनों पर तिरंगा लगाने की अपील की जा रही है।
अभियान में जनता को शामिल करने के लिए प्रदेश के तीन करोड़ घरों में 'योगी की पाती' भेजी जाएगी। इस पत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभी से आजादी के अमृत महोत्सव में शामिल होने और अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी पत्र में प्रदेश की जनता को संदेश भी देंगे।
सीएम योगी ने ट्वीटर पर प्रोफाइल फोटो बदलकर लगाया तिरंगा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सभी सोशल मीडिया हैंडल का प्रोफाइल फोटो बदलकर तिरंगा लगा लिया है। उन्होंने लोगों से भी अपने सोशल मीडिया की प्रोफाइल फोटो बदलने का आग्रह किया है। ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ को एक जन आंदोलन बनाने के लिए सीएम योगी ने यह पहल की है।
अपनी प्रोफाइल फोटो को बदलने के साथ सीएम योगी ने ट्वीट किया, ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अमृत काल में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे हर घर तिरंगा महाभियान में सहभागिता करते हुए आज मैंने अपने सभी सोशल मीडिया पेज पर तिरंगा को डीपी बनाया है। आप सभी से आह्वान है कि इस अभियान में आप भी सहभागी बनें। जय हिंद!