फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या में योगी : रामलला के दर्शन कर मंदिर निर्माण कार्य का लिया जायजा, संतों को साध गए मुख्यमंत्री

Sun, 25 Jul 2021 09:43 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अयोध्या

सार

नयाघाट स्थित पर्यटन विभाग के होटल राही यात्री निवास में मुख्यमंत्री ने संतों के साथ करीब एक घंटे तक विभिन्न विषयों पर चर्चा की। योगी ने संतों की समस्याएं सुनीं और अयोध्या के विकास को लेकर सुझाव भी मांगे।
विज्ञापन
अयोध्या में संतों से बातचीत करते सीएम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने के बाद संतों के साथ करीब दो घंटे बिताए। इस दौरान संतों को साधने की कोशिश साफ दिखी। नयाघाट स्थित पर्यटन विभाग के होटल राही यात्री निवास में उन्होंने संतों के साथ करीब एक घंटे तक विभिन्न विषयों पर चर्चा की। योगी ने संतों की समस्याएं सुनीं और अयोध्या के विकास को लेकर सुझाव भी मांगे। संत भी सीएम योगी की आत्मीयता देखकर मुदित नजर आए। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली।

विज्ञापन


गुरु पूर्णिमा के दूसरे दिन अयोध्या पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने रामनगरी के संतों का स्वागत-सम्मान कर उनके प्रति अनुराग प्रकट किया। राही यात्री निवास में संतों के साथ भोजन के दौरान विभिन्न विषयों पर सीएम योगी ने चर्चा की। अगस्त माह में राष्ट्रपति के अयोध्या दौरे की संतों को जानकारी देते हुए अयोध्या की गरिमा के अनुकूल भव्य स्वागत का खाका भी खींचा। सीएम योगी ने संतों को गुरू पूर्णिमा पर्व के अवसर पर मिठाइयां, अंगवस्त्र आदि भेंट किया। जगतगुरु वासुदेवाचार्य ने बताया कि सीएम योगी स्वयं एक संत हैं। इसलिए उनके मन में अयोध्या व संतों के प्रति गहरा लगाव है।

श्रीरामबल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमार दास ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रामनगरी के संतों के प्रति उन्होंने जो आदर भाव प्रकट किया वह आनंदित करने वाला रहा। जगतगुरु रामदिनेशाचार्य ने कहा कि सीएम ने राष्ट्रपति के अयोध्या में भव्य स्वागत को लेकर भी चर्चा की है। साथ ही रामनगरी के संतों की समस्याएं भी सुनी और उनके निस्तारण का निर्देश भी दिया। पूर्व सांसद डॉ.रामविलास दास वेदांती ने कहा कि योगी जी के नेतृत्व में फिर 2022 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उदासीन आश्रम के महंत डॉ.भरत दास न कहा कि हमने रामनगरी की पौराणिकता को सहेजते हुए विकास को लेकर चर्चा की है।
विज्ञापन


ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास से लिया आशीर्वाद
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मणिरामदास की छावनी जाकर लंबे समय से बीमार चल रहे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास का हाल-चाल जाना और उनका आशीर्वाद लिया। सीएम योगी ने महंत नृत्यगोपाल दास की दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि महाराज का मार्गदर्शन हमें निरंतर प्राप्त होता रहे। इससे पूर्व महंत कमलनयन दास ने सीएम योगी का स्वागत सम्मान किया। इस दौरान विहिप के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा भी मौजूद रहे।

सीएम ने जानी राममंदिर निर्माण की प्रगति
सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने अयोध्या दौरे के दौरान रामजन्म भूमि व हनुमंतलला के दरबार में भी हाजिरी लगाई।  रामलला का पूजन-अर्चन करने के बाद राममंदिर निर्माण की प्रगति भी जानी। राममंदिर निर्माण के लिए चल रहे नींव भराई के कार्य को देखा। कार्यदाई संस्था के इंजीनियरों ने सीएम को राममंदिर निर्माण की प्रगति से अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने रविवार शाम हनुमानगढ़ी में हनुमान जी की आरती-पूजा करने के बाद श्रीराम जन्मभूमि पहुंचे। उन्होंने सर्वप्रथम रामलला की पूजा-अर्चना कर अपनी श्रद्धा निवेदित की इसके बाद राम जन्मभूमि परिसर का भ्रमण कर पूरी व्यवस्था परखी। उन्होंने राममंदिर निर्माण के लिए चल रहे नींव भराई के कार्य को देखा। एलएंडटी के इंजीनियरों ने बताया कि नींव भराई का कार्य 50 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी अयोध्या नरेश बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र ने सीएम योगी का स्वागत सम्मान भी किया। इस दौरान ट्रस्टी डॉ.अनिल मिश्र, महंत दिनेंद्र दास से भी सीएम योगी ने बातचीत की।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें