योगी ने दावा किया कि ऐसा पहली बार हुआ है जब गेहूं के समर्थन मूल्य से अधिक प्रति क्विंटल 10 रुपये अतिरिक्त दिया गया और रिकॉर्ड 37 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई। खरीफ सत्र में 43 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया। किसानों के खाते में उनकी उपज का मूल्य सीधे भेजा जा रहा है। पहली बार प्रदेश में आलू का समर्थन मूल्य घोषित हुआ। बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत 1 मार्च से 31 मार्च तक 2 लाख मीट्रिक टन आलू क्रय के लिए 549 रुपये प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य घोषित किया गया है।
बिजली और सड़क के क्षेत्र में हुआ सुधार
बिजली और सड़क का जिक्र करते हुए कहा, पहले चरण में गड्ढा मुक्त सड़कें और उनके नवीनीकरण के बाद अब प्रदेश में 2 लेन और 4 लेन सड़कों का प्राथमिकता पर निर्माण कराया जा रहा है।
बिजली के क्षेत्र में सभी जिलों में समान व्यवस्था की गई है। अब सभी जिला मुख्यालयों को 24 घंटे, तहसील मुख्यालयों और बुंदेलखंड को 20 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे बिजली दी जा रही है। शहरों में खराब ट्रांसफार्मर को 24 घंटे व गांवों में 48 घंटे में बदलने की व्यवस्था लागू की गई है। अब तक प्रदेश के 50 हजार से अधिक मजरे विद्युतीकृत हो चुके हैं। 25 लाख से अधिक गरीब परिवारों को नि:शुल्क बिजली कनेक्शन दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, तीर्थाटन और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। दीपावली पर अयोध्या में दीपोत्सव मनाया गया। इसी तरह ब्रजधाम के बरसाना में रंगोत्सव आयोजित हुआ। पर्यटन को प्रोत्साहन देने के लिए एयर कनेक्टिविटी योजना के तहत प्रदेश के सभी महानगरों को जोड़ा जा रहा है।
रोजगार उपलब्ध कराने को कर रहे काम
मुख्यमंत्री ने पिछली सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, उस समय भर्तियों में भ्रष्टाचार का बोलबाला था लेकिन अब पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां शुरू की गई हैं। ग्रुप 3 और ग्रुप 4 की नौकरियों में इंटरव्यू समाप्त कर दिया है। पुलिस सब इंस्पेक्टर की पहली भर्ती हो चुकी है और कांस्टेबल की भर्ती प्रारम्भ है। लगभग 68 हजार शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।