यूपी एजूकेशन मिनिस्ट्रियल ऑफीसर्स एसोसिएशन के बैनर तले शिक्षा विभाग के कर्मचारी बृहस्पतिवार को हड़ताल पर चले गए।
कर्मचारी के हड़ताल से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, उप शिक्षा निदेशक, संयुक्त शिक्षा निदेशक व मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक कार्यालय का कार्यालय का काम काज पूरी तरह से बाधित रहा। कर्मचारियों ने तीन दिन तक शिक्षा भवन स्थित सभी कार्यालयों में कार्य बहिष्कार की घोषणा की है।
यूपी एजूकेशन मिनिस्ट्रियल ऑफीसर्स एसोसिएशन दस सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत है। संगठन की जिला इकाई ने बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे ही लिपिक संवर्ग के कर्मचारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, उप शिक्षा निदेशक, संयुक्त शिक्षा निदेशक व मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक कार्यालय में कार्य बहिष्कार कर दिया।
उसके बाद कर्मचारी डीआईओएस कार्यालय के परिसर में ही धरने पर बैठ गए। धरने को समर्थन देते हुए जिले के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत लिपिक एवं कर्मचारियों ने भी काम बंद कर दिया।
एसोसिएशन के जिला मंत्री दुर्गेश नंदन त्रिपाठी ने कहा कि रिजवी समिति की संस्तुति और कैबिनेट से पारित किए जाने के बाद भी शासन ने अधीनस्थ लिपिक संवर्गीय कर्मचारियों का ग्रेड वेतन का शासनादेश नहीं निर्गत किया गया है।
तीन दिन धरने के बाद प्रदेश भर के कर्मचारी 10 सितंबर से पार्क रोड स्थित माध्यमिक शिक्षा निदेशक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे।