डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के मुराईबाग कस्बे में महिला की मौत के बाद लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : संवाद
डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे में लगे डंपर के चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला नसीराबाद की रहने वाली है। वह अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए आई थी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चालक को पकड़ने के लिए पीछा किया तो वह डंपर छोड़कर भाग गया। घटना को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया।
नसीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मौजमगंज निवासनी अतरून निशा (50) पत्नी नियाज शनिवार सुबह बाइक से भतीजे रेहान के साथ लालगंज थाना क्षेत्र के बहाई गांव में रिश्तेदार के घर जा रही थी। रायबरेली-डलमऊ मार्ग पर मुराईबाग स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास गंगा एक्सप्रेसवे के लिए मिट्टी ढो रहे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें अतरुन निशा डंपर की चपेट में आ गई और उनकी मौत हो गई।
भतीजे रेहान को मामूली चोट आई। अतरून निशा बीती 20 फरवरी को डलमऊ क्षेत्र के नरसवां गांव में भतीजी अनीशा बानों की शादी में शामिल होने आई थी। पुलिस से नाराज ग्रामीणों ने डंपर चालक को सुपुर्द कर डंपर के आवागमन में रोक लगाने की मांग की। इस पर पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर सभी को शांत कराया। डंपर को कोतवाली भेज दिया गया।
बुजुर्ग को ट्रक ने कुचला
डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली में शनिवार को कौशांबी जिले के चकनारा मजरे मंझनपुर निवासी बंटा माली उर्फ साधु बाबा (65) पुत्र बचान बाइक से मुराई बाग से फतेहपुर की तरफ जा रहे थे। नेवाजगंज गांव के पास डलमऊ फतेहपुर मार्ग पर पंचायत सचिवालय के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भाग गया। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।