महिला ने होमगार्ड को चप्पल से पीटा
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात किसी बात को लेकर एक महिला ने होमगार्ड को चप्पल से पीट दिया। आरोप है कि होमगार्ड ने फुटओवर ब्रिज पर खेल रही बच्ची और डांटा और डंडे से हाथ तोड़ने की बात कही थी। इस पर भड़की महिला ने विरोध जताया तो होमगार्ड ने अभद्रता की।
विवाद बढ़ने पर होमगार्ड ने महिला को डंडे से पीटने की धमकी दी तो वह भड़क गई। दोनों के बीच नोकझोंक के बाद हाथापाई की नौबत आ गई। इस पर महिला ने होमगार्ड को चप्पल से पीट दिया। होमगार्ड ने भी महिला को धक्का दिया तो वह गिर गई। हालांकि महिला के साथ मौजूद व्यक्ति ने होमगार्ड को पकड़ लिया।
इस दौरान वहां भीड़ लग गई और आरपीएफ की महिला सिपाही ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इस बारे में जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों ने कोई शिकायत नहीं मिलने की बात कही है, जबकि किसी यात्री ने घटना वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है।