फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी की 90 हजार छूटी विधवा महिलाओं को जल्द पेंशन की सौगात देगी योगी सरकार

Sun, 15 Sep 2019 01:42 PM IST
ishwar ashish महेंद्र तिवारी/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा का उत्तर प्रदेश की 90 हजार विधवाओं को फायदा मिलेगा। सरकार ने इन सभी को निराश्रित महिला पेंशन योजना का लाभ दिलाने की तैयारी शुरू कर दी है। महिला कल्याण और वित्त विभाग के बीच इस संबंध में कार्रवाई तेजी से चल रही है।

विज्ञापन


बताते चलें, प्रदेश सरकार पति की मृत्यु के बाद निराश्रित महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत 500 रुपये प्रति महीने उपलब्ध कराती है। लेकिन, सरकार को लगातार शिकायत मिल रही थी कि प्रदेश में बड़ी संख्या में विधवाएं पेंशन के लाभ से वंचित हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने सर्वे करवाकर प्रदेश की सभी छूटी विधवा महिलाओं को पेंशन का लाभ दिलाने का एलान किया था। इसके बाद कराए गए सर्वे (मार्च-2019 तक) में 90 हजार विधवाएं योजना के लाभ से वंचित पाई गईं। अब इन सभी विधवाओं को पेंशन दिलाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन


शासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की इस घोषणा के क्रियान्वयन को लेकर हाल ही मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई है। इसमें महिला कल्याण और वित्त विभाग के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में तय हुआ कि जल्द से जल्द एनआईसी से यह पता कर लिया जाए कि वित्त वर्ष 2018-19 में योजना के लाभ से छूटी हुईं 90 हजार लाभार्थी मुख्यमंत्री की घोषणा में चिह्नित नवीन लाभार्थी ही हैं?

इसके अलावा यदि इन 90 हजार लाभार्थियों में पुरानी भी हैं तो इनके संबंध में वित्त विभाग से स्थिति स्पष्ट करा ली जाए। स्थिति स्पष्ट होते ही सरकार तय कर सकेगी कि इनमें क्या सभी को पिछले वित्तीय वर्ष से लाभ दिया जाना है? या कितने को पिछले वित्तीय वर्ष से लाभ दिया जाना है और कितने को चालू वित्तीय वर्ष से।

विज्ञापन

पिछले वर्ष से 1.80 लाख अधिक विधवाओं को पेंशन दिलाने का लक्ष्य

प्रदेश सरकार ने पिछले वित्त वर्ष की अपेक्षा 1.80 लाख अधिक विधवाओं को इस योजना का लाभ दिलाने का लक्ष्य तय किया है। 2016-17 में 17.32 लाख विधवाओं को इस पेंशन का लाभ दिया गया था।

2018-19 में लाभ पाने वाली निराश्रित महिलाओं की संख्या बढ़कर 21.69 लाख पहुंच गई। सरकार ने 2019-20 के लिए 23.49 लाख विधवा महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन योजना का लाभ दिए जाने का लक्ष्य तय किया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें