लखनऊ। गाजीपुर थानाक्षेत्र में रविवार को भूतनाथ मार्केट में कपड़े की दुकान में घुसकर 14 वर्षीय शिवम कनौजिया को छह नाबालिगों ने पीट दिया। इस दौरान भागते समय शिवम निर्माणाधीन नाले में गिर गया।
उसकी सरिया कमर में धंसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके फुफेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का प्रयास, मारपीट और बलवा की धारा में एफआईआर दर्ज कर छह आरोपियों को पकड़ा।
मड़ियांव के फैजुल्लागंज निवासी सचिन के मुताबिक वह भूतनाथ बाजार में कपड़े की दुकान पर काम करते हैं। रविवार दोपहर तीन बजे दुकान पर वह और उनकी बुआ का बेटा शिवम था। इस बीच छह नाबालिग लड़के आए और शिवम से गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर पीटने लगे।
किसी तरह खुद को छुड़ाकर भागा शिवम अनियंत्रित होकर पास में बन रहे नाले में जा गिरा। उसकी सरिया धंसने से वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। यह देख आरोपी भाग निकले।
पुलिस ने शिवम को लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर सरिया निकाला। इंस्पेक्टर विकास राय के मुताबिक शिवम की हालत गंभीर बनी हुई है। केस दर्ज कर आरोपियों को पकड़ा गया है। मुख्य आरोपी ने बताया कि शनिवार को शिवम ने साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की थी। इस पर वह शिवम को पीटने पहुंचा था।