लखनऊ। कैंट के निलमथा में रविवार को सराफ संतोष कुमार की दुकान में ग्राहक बनकर पहुंचे टप्पेबाज ने सोने की पांच चेन पार कर दीं। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कैंट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
संतोष के मुताबिक निलमथा बाजार में उनकी विंध्यवासिनी ज्वैलर्स नाम से दुकान है। रविवार शाम उनकी दुकान में एक युवक आया और चेन दिखाने की बात कही। संतोष ने चेन से भरा बक्सा काउंटर पर रख दिया। कई तरह की चेन दिखाईं, पर युवक ने नई डिजाइन और भारी चेन दिखाने की बात कही।
संतोष का आरोप है कि जब वह चेन से भरा दूसर डिब्बा उठाने के लिए मुड़े, युवक ने काउंटर पर रखी पांच चेन उठाईं और रफूचक्कर हो गया। सराफ को चेन व युवक दोनों गायब मिले। कैमरों की फुटेज देखी तो युवक चोरी करते दिखा। पीड़ित ने घटना की जानकारी कैंट पुलिस को दी। थानाध्यक्ष गुरप्रीत कौर के मुताबिक फुटेज के जरिये आरोपी की तलाश की जा रही है।