लखनऊ। महानगर की निशातगंज पहली गली निवासी वेल्डिंग कारीगर अजाउर रहमान उर्फ लल्ला (32) पर पड़ोसी व्यापारी अनिल ने कार पार्क करते हुए गाड़ी चढ़ा दी। हादसे में अजाउर की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी अनिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अजाउर के परिजनों का आरोप है कि घटना के वक्त अनिल सिंह शराब के नशे में था।
अजाउर के भाई अताउर ने बताया कि शुक्रवार रात दस बजे भाई टहलने निकले थे। वह अनिल सिंह के घर के बाहर खंभे के नीचे बैठे थे। रात 10:30 बजे अनिल कार पार्क करने पहुंचे। अजाउर कार की चपेट में आकर गिर गए। अनिल ने कार को पीछे कर फिर से रफ्तार में बढ़ाया, जिससे कार उनके ऊपर से गुजर गई।
हादसे के बाद दरवाजा कर लिया बंद
अजाउर की चीख सुनकर घरवाले और मोहल्ले के लोग मदद के लिए दौड़े तो आरोपी अनिल सिंह घर के अंदर घुस गया और दरवाजा बंद कर लिया। हादसे में अजाउर रहमान के सीने व पैर में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई का आरोप है कि अनिल कुमार सिंह नशे में था। इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार बरामद कर ली है।
परिवार पर दुखों का पहाड़
अजाउर रहमान अविवाहित थे और पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। रमजान में उनके भाई शाहरुख की बीमारी से मौत हो गई थी। दो माह में दो मौतों से घर में कोहराम मचा है। मां नूर बानो बेटे की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गईं। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।