गोशाला में टाट के पर्दे लगाकर पानी का किया जा रहा छिड़काव।
लखनऊ। बढ़ती गर्मी को देखते हुए गोशालाओं में गोवंश को राहत देने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। जिले की 85 गोशालाओं में संरक्षित 18,354 गोवंश के लिए टाट लगाकर पानी का नियमित छिड़काव शुरू कर दिया गया है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि गर्मी पशुओं के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। लिहाजा बचाव के इंतजाम जरूरी हैं। इसे ध्यान में रखते हुए जिले में संचालित सभी 85 गोशालाओं में टाट की व्यवस्था कर दी गई है। उस पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। इससे पशुओं के शरीर पर सीधे गर्म हवा नहीं पहुंचती। भीगी टाट के सहारे पहुंचने वाली हवा तापमान को काफी कम कर देती है। पशुओं को पीने के लिए ताजा पानी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि लापरवाही न हो।
गर्मी में ऐसे करें पशुओं की देखभाल
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि पशुपालक थोड़ी सावधानी बरतकर व कुछ व्यवस्थाएं कर अपने पशुओं को गर्मी से बचा सकते हैं। पशुओं की छाया के लिए टाट, शेड की व्यवस्था करें। दिन में कई बार साफ पानी पिलाएं। पशुओं को बांधने की जगह पर दो-तीन बार पानी का छिड़काव करें, पशुओं को नहलाएं। दोपहर में उनसे काम न लें। हल्का व संतुलित आहार दें। नमक व मिनरल मिक्स शामिल करें। गोशाला साफ रखें। गर्मी लगने का काेई लक्षण दिखें तो तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें।