शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के चेयरमैन सैयद वसीम रिजवी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अयोध्या में मंदिर निर्माण का अपना फॉर्मूला बताया। उन्होंने मंदिर वहीं बनाने और मस्जिद के लिए अलग जगह देने की बात रखी।
वसीम रिजवी ने देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके कार्यालय में भेंट कर अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर चर्चा की। रिजवी ने सीएम को विवादित भूमि पर शिया संपत्ति के दावे से अवगत कराते हुए कहा, शिया वक्फ बोर्ड का यह फैसला हिन्दुस्तान की अवाम के हित में है।
यह भी कहा कि हमने हिन्दू धर्म की भावनाओं का सम्मान करते हुए यह फैसला किया है कि अयोध्या में दोबारा मस्जिद नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाए। मस्जिद के लिए अलग जगह दी जाए जहां मुस्लिम आबादी हो। चेयरमैन वसीम के मुताबिक शिया वक्फ बोर्ड ने प्रदेश के मुखिया के समक्ष अपना पक्ष अच्छी तरह पेश कर दिया है।