बेसिक शिक्षा निदेशालय के शिविर कार्यालय परिसर में मंगलवार को प्रदर्शन करते यूपी एजुकेशनल मिनिसि
लखनऊ। निशातगंज स्थित बेसिक शिक्षा निदेशक कार्यालय पर मंगलवार को यूपी एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के बैनर तले कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शासन स्तर पर लंबित 18 प्रकरणों और निदेशालय स्तर पर पदोन्नति सहित 17 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र निर्णय की मांग की। मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और हड़ताल की चेतावनी दी गई।
एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष विवेक यादव ने कहा कि जिला और मंडल स्तर पर किए गए प्रदर्शन के बावजूद विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। ऐसे में कर्मचारियों को मजबूरन निदेशालय स्तर पर धरना देना पड़ रहा है। प्रांतीय उपाध्यक्ष अवधेश यादव ने बताया कि प्रधान सहायक, प्रशासनिक अधिकारी, वैयक्तिक सहायक ग्रेड-एक एवं ग्रेड-दो के पदों पर पदोन्नति आदेश जारी करने में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है। मंडल और जिला स्तर पर पद सृजित नहीं किए गए हैं, जबकि कर्मचारियों से संबद्ध कर कार्य लिया जा रहा है। इसके अलावा राजकीय सेवाओं को पेंशन सेवा में न जोड़कर कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर संज्ञान नहीं लिया गया तो 12 जनवरी को शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), 19 जनवरी को महानिदेशक स्कूल शिक्षा कार्यालय तथा 28 जनवरी से अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और विभाग के उच्चाधिकारियों की होगी। धरने में बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
बेसिक शिक्षा निदेशालय के शिविर कार्यालय परिसर में मंगलवार को प्रदर्शन करते यूपी एजुकेशनल मिनिसि