इस मामले की जांच सीबीआई से कराए जाने के लिए कल्पना तिवारी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। यह पत्र सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ था। यह पत्र मुख्यमंत्री तक पहुंचा या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। लेकिन सोशल मीडिया पर कई न्यूज एजेंसी की ओर से भी इस पत्र को शेयर किया गया है।
परिवार से मुलाकात करते बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र नाथ पांडेय
देर शाम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पांडेय ने भी पीड़ित परिवार से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान विवेक के ससुर ने कल्पना को ओएसडी स्तर की नौकरी और गोमतीनगर या इंदिरानगर में माकान देने को कहा। महेंद्रनाथ पांडेय ने बीजेपी की ओर से हर संभव मदद का भरोषा दिलाया।
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव व मायावती को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि विवेक तिवारी हत्याकांड के दुखद विषय पर सपा अध्यक्ष व बसपा सुप्रीमो को बयानबाजी से बाज आना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और संगठन दुख की घड़ी में पूरी तरह विवेक तिवारी के परिवारजन के साथ है।
उन्होंने कहा कि एक सिपाही के अपराधिक कृत्य के चलते सभी पुलिसकर्मियों को अपराधी नहीं कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि मायावती को आत्म परीक्षण करना चाहिए कि उनके शासन में किस प्रकार एनआरएचएम घोटाले के अधिकारी मारे गए थे। उनके एक विधायक ने इंजीनियर मनोज गुप्ता की पीट पीटकर हत्या की थी। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, शलभमणि त्रिपाठी और आलोक अवस्थी भी मौजूद थे।
महेन्द्रनाथ पांडेय ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को अशोभनीय टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। योगी आदित्यनाथ पांच बार सांसद रहे हैं और प्रबल बहुमत सरकार के मुख्यमंत्री है। पांडेय ने कहा कि कहीं ओर खड़ा होता तो अखिलेश के बयान का करारा जवाब देता, लेकिन दुख की घड़ी में भाजपा राजनीति नहीं करती है।
महेन्द्रनाथ पांडेय ने विवेक तिवारी के परिवारजन की मांग को जायज ठहराते हुए कहा कि पत्नी कल्पना और बेटियों को उचित जीवन स्तर और रहन सहन के लिए आवश्यक मदद की जाएगी। पत्नी की नौकरी और बेटियों की देखभाल की उचित व्यवस्था की जाएगी।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी देर शाम विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना से टेलीफोन पर बात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है।
भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर पार्टी जन उनके साथ खड़े दिखेंगे। दोनों में 2 से 3 मिनट बात हुई। यह बातचीत सोनिया के राजनीतिक प्रतिनिधि केएल शर्मा, राहुल गांधी के प्रतिनिधि धीरज श्रीवास्तव और एमएलसी दीपक सिंह ने पीड़ित परिवार के घर जाकर कराई।
बता दें कि दिल्ली के बहुचर्चित निर्भया बलात्कार कांड में भी राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार की मदद की थी। निर्भया के भाई को पायलट की ट्रेनिंग दिलवाई थी।