फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झील से अवैध कब्जा हटाने गई टीम को ग्रामीणों ने खदेड़ा

Thu, 30 Jul 2015 12:34 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
इटौंजा की सौतल झील पर अवैध कब्जे के खिलाफ बुधवार को कार्रवाई करने गई तहसील प्रशासन व पुलिस की टीम को लाठी-डंडों से लैस ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। तीन घंटे तक चले हंगामे के बीच लेखपाल और टीम में शामिल दो ट्रैक्टर चालक घायल हो गए। ग्रामीणों ने लेखपाल की कार के साथ ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त कर दिए।
विज्ञापन


डीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट इटौंजा की सौतल झील को पक्षी विहार के रूप मे विकसित करने के लिए जलालपुर में कुछ दिनों पहले ही 250 बीघा जमीन से कब्जे हटाए गए थे। इनमें से कुछ जमीनों पर ग्रामीणों ने फिर से कब्जा कर अवैध रूप से धान की रोपाई कर दी थी।

रोपी गई फसल को ट्रैक्टर से जुतवाने के लिए बुधवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे एसडीएम छोटेलाल मिश्र, तहसीलदार चन्द्र प्रकाश पाठक पुलिस फोर्स के साथ दो ट्रैक्टर लेकर जलालपुर पहुंचे। लेकिन लाठी-डंडों से लैस ग्रामीणों ने टीम को खदेड़ दिया।
विज्ञापन


हंगामे में लेखपाल देवेश द्विवेदी, ट्रैक्टर चालक वसीम खां व रोहित कुमार निवासी उसरना घायल हो गए। ग्रामीणों ने लेखपाल देवेश द्विवेदी की कार व दोनों ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त कर दिए।

बवाल को देखते हुए एसडीएम, तहसीलदार, लेखपाल और तहसीलकर्मी मौके से भाग कर एक किलोमीटर जा खडे़ हुए। तहसील के अधिकारी व पुलिसकर्मी बिना कब्जा हटाए लौट गए। मौके पर उपस्थित पुलिसकर्मियों ने किसी प्रकार से स्थिति को संभाला। बाद में इटौंजा थाने से और पुलिस फोर्स बुलाई गई और लेखपाल की कार व दोनों ट्रैक्टरों को मौके से पुलिस व तहसीलकर्मियों ने उठवाया।
विज्ञापन

दोबारा होगी कार्रवाई

तहसील प्रशासन ने कुछ दिन पहले जलालपुर, उसरना, अल्दमपुर, ऊनई, परसहिया, भडसर, किशुनपुर की ग्राम पंचायतों की सीमा में स्थित झील की करीब 250 बीघा जमीन से अवैध कब्जों को चिन्हित कर खाली कराया था। एसडीएम छोटेलाल मिश्र ने बताया कि जल्द ही पर्याप्त पुलिस फोर्स के साथ दोबारा झील की जमीन से अवैध कब्जा हटाया जाएगा।

ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज
लेखपाल देवेश द्विवेदी की तहरीर पर इटौंजा थाने में जलालपुर गांव के उपकार, रामकुमार, रामचरण, चेतराम, मनोज कुमार, कैलाश कुमारी और निशा के अलावा सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक मुखराम यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें