सीतापुर जिले के सदरपुर थाना इलाके क्षेत्र के एक गांव में चोरी करने घुसे बदमाश को ग्रामीणों ने पीट-पीट कर मार डाला। इस दौरान उसके साथी मौके से फरार हो गए। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के राई बसूदहा गांव निवासी रामलखन शुक्रवार देर रात अपने घर के सदस्यों के साथ सो रहे थे। इसी बीच उन्हें घर के पिछले हिस्से में कुछ खटपट की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जागे रामलखन ने तीन बदमाशों को घर मे देखा। यह देखकर उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। रामलखन की आवाज सुनकर उनके घर के बाहर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। उन्होंने बदमाशों को ललकारा तो वह सभी भागने लगे।
ये भी पढ़ें - लघुशंका करते समय अस्पताल संचालक पर जानलेवा हमला, ताबड़तोड़ फायरिंग कर किया घायल, देखें वीडियो
ये भी पढ़ें - शरद पूर्णिमा आज: चांद की 16 कलाओं पर चंद्र ग्रहण का साया, जानें- कब से कब तक बंद रहेंगे मंदिरों के कपाट
उसमें से एक मूल रूप से बाराबंकी व हाल पता थाना रेउसा के छेनी भदमरा निवासी रामलाल (42 ) को ग्रामीणों ने घेर लिया। उनके अन्य तीन साथी मौके से भाग गए। ग्रामीणों ने रामलाल को लाठी डंडे और घूसों से जमकर पीटा। उसे गंभीर चोटें आईं। इससे मौके पर ही रामलाल की मौत हो गई। मौके पर सीओ, एसओ, क्राइम ब्रांच, एसओजी और फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तीन बदमाशों की हुई पहचान: पुलिस सूत्रों की मानें तो रामलखन के घर मे घुसे चार में से तीन बदमाशों का पता चल गया है। इसमें रामलाल मूल रूप से बाराबंकी के फतेहपुर स्थित क्योटली का निवासी है। वहीं, दो अन्य बदमाशों की पहचान किशोरी पासी और लल्लन तिवारी निवासी गोंडा देवरिया के रूप में हुई है। किशोरी पासी एक हिस्ट्रीशीटर भी है। एक अन्य बदमाश के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। एसओ सदरपुर अजय रावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है।