भाजपा के लगातार हंगामे के बीच विधानसभा में मंगलवार को चार विधेयक ध्वनिमत से पारित किए गए। बसपा ने भाजपा और सपा पर मिलीभगत से कार्यवाही को बाधित करने का आरोप लगाते हुए सदन से वाकआउट किया।
वेल में भाजपा के धरने के कारण शून्य काल नहीं हो सका।
प्रश्न प्रहर में पशुधन मंत्री राजकिशोर सिंह की टिप्पणी से शुरू हुआ भाजपा सदस्यों का हंगामा दिन भर के लिए कार्यवाही स्थगित होने तक जारी रहा।
भाजपा विधायक वेल में आकर धरने पर बैठे रहे। प्रश्न प्रहर के बाद भी धरना समाप्त नहीं हुआ तो अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने 12.50 बजे सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी।
एक बजे फिर दस मिनट के लिए कार्यवाही स्थगित की गई। 1.10 पर भी सदन सुचारू नहीं हुआ तो फिर दस मिनट के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी गई।