चेहरा बदलने की कोशिश में जुटी विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एक कदम और आगे बढ़ी है। मंदिर, गाय व गंगा जैसे मुद्दों को पीछे छोड़कर सेवा, शिक्षा व पर्यावरण विषयों को वह पहले ही अपनी प्राथमिकता में शामिल कर चुकी है। अब उसने गरीबों की सेहत के सहारे लोगों में पैठ बनाने की योजना बनाई है।
विहिप की कोशिश है कि जो लोग महंगी फीस या अन्य किसी वजह से अच्छे डॉक्टरों को नहीं दिखा पाते उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह व मदद मुहैया कराई जाए। इसके लिए विहिप ने एक कॉल सेंटर भी स्थापित किया है जिसका नंबर 18602333666 है। देश के किसी हिस्से में रहने वाले लोग इस पर कॉल करके अच्छे डॉक्टरों की सलाह व मदद पा सकते हैं।
विहिप के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया की पहल पर ‘स्वस्थ देश, समृद्ध देश व सुखमय देश’ योजना बनाई गई है। डॉ. तोगड़िया ने ही इस पूरी कार्ययोजना का खाका खींचा है। इसके लिए वह डॉक्टरों से खुद संपर्क करके उन्हें इस योजना से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
देश के कई जिलों में तमाम नामी-गिरामी डॉक्टर तोगड़िया के इस काम से जुड़ भी चुके हैं। निकट भविष्य में कई और के जुड़ने की संभावना है। जरूरत पड़ी तो हेल्पलाइन पर मदद मांगने वालों की निशुल्क जांच भी कराई जाएगी।
अखिलेश वाजपेयी/अमर उजाला, लखनऊ
इस हेल्पलाइन के जरिये न सिर्फ फिजीशियन बल्कि सर्जरी के बारे में भी सलाह व मदद मुहैया कराई जाएगी। खास बात यह कि किसी गरीब परिवार का कोई सदस्य अगर चलने-फिरने से लाचार है तो विहिप के कार्यकर्ता डॉक्टर को लेकर खुद पीड़ित के पास जाएंगे।
स्त्रीरोग, शिशुरोग, हार्ट, डायबिटीज, त्वचा, नाक- कान, किडनी, कैंसर, मनोरोग जैसी सभी गंभीर बीमारियों के इलाज में मदद व सलाह मुहैया कराई जाएगी।
हेल्थ अंबेसडर करेंगे मदद: प्रदेश में इस योजना के प्रभारी व विहिप के प्रांतीय मंत्री उमेश पांडेय के अनुसार, इस काम को पूरा करने के लिए हर जिले व प्रमुख नगरों में हेल्थ अंबेसडर रखे जाएंगे।
टोल फ्री नंबर पर कॉल आने के बाद नियंत्रण कक्ष में बैठा व्यक्ति संबंधित स्थान के अंबेसडर को फोन पर पूरा विवरण देकर संबंधित व्यक्ति से संपर्क को कहेगा। अंबेसडर उस व्यक्ति के पास अपना प्रतिनिधि भेजकर दिखवाएगा कि मदद मांगने वाला व्यक्ति क्या वास्तव में अच्छे डॉक्टरों को दिखाने या जांच कराने की स्थिति में नहीं है।
अगर व्यक्ति आर्थिक वजहों से इलाज कराने या विशेषज्ञ डॉक्टरों को दिखाने में असमर्थ मिला तो अंबेसडर के जरिये संबंधित बीमारी के विशेषज्ञ को निशुल्क दिखवाया जाएगा। साथ ही जांच आदि भी करवाई जाएगी।