लखनऊ। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सैर के दौरान भूख-प्यास लगने पर पर्यटकों को अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण की
पहल पर पर्यटन स्थलों के साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर खाने की अत्याधुनिक वेंडिंग मशीनें लगाई जा रही हैं, जो 24 घंटे काम करेंगी। इन मशीनों से कोई भी व्यक्ति केवल एक क्यूआर कोड स्कैन करके चिप्स, चॉकलेट, सॉफ्ट ड्रिंक जैसी सामग्री आसानी से खरीद सकता है। हाल ही में 1090 चौराहा, गोमती रिवर फ्रंट और जनेश्वर मिश्र पार्क जैसे
लोकप्रिय स्थलों पर ये मशीनें पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगाई गई हैं। इनकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये पूरी तरह से ऑटोमैटिक हैं और दिन-रात, कभी भी इस्तेमाल की जा सकती हैं। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि शहर में कुल 30 वेंडिंग मशीनों का प्रस्ताव है, जिनमें से 22 मशीनें पहले ही लगाई जा चुकी हैं। शेष 8 पर
तेजी से काम चल रहा है। इन मशीनों का उद्देश्य लोगों को आसानी से खाने-पीने की चीजें उपलब्ध कराना है, खासकर उन स्थानों पर जहां सुविधाएं सीमित होती हैं।
ऐसे काम करती है मशीन
वेंडिंग मशीन पूरी तरह ऑटोमैटिक होती है। उपयोगकर्ता मशीन पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करता है। स्कैन करते ही मोबाइल पर पेमेंट ऑप्शन खुलता है। भुगतान के बाद चुनी गई वस्तु जैसे चॉकलेट, चिप्स, जूस या सॉफ्ट ड्रिंक अपने-आप बाहर आ जाती है। मशीन 24 घंटे उपलब्ध रहती है।