अब वाहनों में रिट्रो रिफ्लेक्टिव टेप नहीं लगा होगा तो फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा। यही नहीं वाहनों में यह टेप न मिलने पर मोटा जुर्माना भी वसूला जाएगा। दरअसल, सर्दी के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए परिवहन विभाग की ओर से प्रदेशभर में रिफ्लेक्टिव टेप के लिए अभियान चलाएगा। यह अभियान 26 नवंबर से दो दिसंबर तक चलेगा।
बता दें कि कोहरे में विजिबिलिटी कम होने की वजह से एक्सीडेंट अधिक होते हैं। ऐसे में सड़क हादसे रोकने को यह कवायद की जाएगी। परिवहन विभाग अधिकारियों ने बताया कि रिट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगने से रोड साइड खड़े वाहनों को रात या कोहरे में भी दूर से देखा जा सकेगा। इससे हादसे रुकेंगे। अभियान के दौरान कॉमर्शियल वाहनों पर मानक के अनुसार रिट्रो रिफ्लेक्टिव टेप की जांच होगी।
जिनकी गाड़ियों में यह टेप नहीं मिलेंगे, उनसे ढाई हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। परिवहन आयुक्त धीरज साहू ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी कॉमर्शियल वाहनों के लिए टेप लगाना जरूरी है। चेकिंग दस्ते को जांच के समय फोटो खींचकर उसकी जानकारी संबंधित आरटीओ ऑफिस में देनी होगी।