राजधानी की खुदरा मंडी में बुधवार को छह सब्जियां 10 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो गईं। वहीं आलू की जमाखोरी पर कार्रवाई नहीं हुई तो इसी हफ्ते आलू 35 रुपये प्रति किलो बिकने लगेगा।
यह संकट बारिश से सब्जियों के खेतों में खराब होने से पैदा हुआ है। थोक सब्जी मंडी दुबग्गा एवं सीतापुर रोड के आढ़तियों ने बताया कि बारिश का पानी खेतों में भरने से तोरई, परवल, बैंगन, लौकी, कद्दू, भिंडी की आवक कम हो गई है, इससे बुधवार को इनकी कीमतें बढ़ीं।
फैजाबाद रोड खुदरा सब्जी मंडी के दुकानदार अशरफ ने बताया कि अब तक जो तोरई 30 से 40 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, बुधवार को 40 से 50 रुपये प्रति किलो बिकी।
अशरफ ने बताया कि बुधवार को आलू भी 25 से 30 रुपये किलो बिका, लेकिन थोक मंडी की मांग पूरी नहीं हुई तो आलू भी महंगा होगा।