गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन में बैठे बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला।
स्कूली छात्र छात्राओं के लिए यह सुखद मौका था। वे पहली बार वंदे भारत का सफर कर रहे थे, वहीं पहली बार उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का मौका मिला। ट्रेन में सवार छात्र छात्राओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने गोरखपुर से लखनऊ की इस यात्रा का जमकर लुत्फ उठाया। ट्रेन में सफर के बीच लंच, डिनर और चाय व कॉफी भी एन्जॉय की। केवी अलीगंज के कुशाग्र सिंह और यश आदित्य सिंह व अनंत श्रीवास्तव ने यादगार सफर बताया। वहीं अरिबा जेहरा और शुभांगी सिंह ने पीएम से मिलने के पल को यादगार बताया।
वंदे भारत एक्सप्रेस को गोरखपुर के प्लेटफार्म नंबर एक पर सुबह से ही खड़ा कर दिया गया। दोपहर करीब 1:50 बजे ट्रेन में लोगों की इंट्री शुरू हुई। सिर्फ एक गेट खोला गया, जिससे सभी बोगियों के यात्रियों को भेजा जा रहा था। वहीं प्रधानमंत्री के आने के बाद शाम 4:46 पर ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान पैसेंजर ट्रेन में बैठे रहे, उन्हें न पीने को पानी मिला, न ही नाश्ता। हालांकि शुक्रवार को जिन यात्रियों ने सफर किया, उन्हें सोवेनियर टिकट मिले, रेगुलर पैसेंजर रविवार से यात्रा कर सकेंगे।
ट्रेन में सवार यात्रियों और प्रत्येक स्टेशन पर खड़े दर्शकों ने वंदे मातरम, भारत माता की जय, जय श्रीराम, हर हर महादेव के खूब जयकारे लगाए। दूसरी ओर वंदे भारत के क्रू मेंबर्स भी उत्साहित दिखे। उनका केबिन एसी से लैस है और पहली बार उन्हें सेमी हाईस्पीड ट्रेन को दौड़ाने का मौका मिला। क्रू मेंबर्स में ट्रेन मैनेजर के रूप में सतीश कुमार सिंह, विजय कुमार मिश्रा, असीम कुमार श्रीवास्तव, हरीराम, वीएन पांडेय रहे। वहीं लोको पायलट के रूप में जेके शर्मा और आरके भारती ने कमान संभाली। इनका साथ देने के लिए सहायक लोको पायलट के रूप में विपिन श्रीवास्तव और निखिल श्रीवास्तव मौजूद रहे।
रविवार से नियमित चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
गोरखपुर से लखनऊ के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस रविवार से नियमित रूप से चलाई जाएगी। ट्रेन 22549 वंदे भारत एक्सप्रेस गोरखपुर से सुबह 6.05 बजे चलकर बस्ती से 6.58 बजे और अयोध्या से 8.15 बजे होते हुए लखनऊ 10.20 बजे पहुंचेगी। वापसी में लखनऊ से वंदे भारत एक्सप्रेस शाम 7.15 बजे छूटेगी। यह ट्रेन अयोध्या रात 9.15 बजे होते हुए बस्ती 10.30 बजे और गोरखपुर रात 11.25 बजे पहुंचेगी।
गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन।
- फोटो : अमर उजाला।
-वंदे भारत एक्सप्रेस में मेट्रो की तरह आने वाले स्टेशन की जानकारी देने के लिए अनाउंसमेंट सिस्टम है।
-ट्रेन 52 सेकंड में 100 और दो मिनट नौ सेकंड में 160 की स्पीड पकड़ लेती है।
- सीटों पर दिव्यांगों के सुविधा के लिए ब्रेल लिपि में सीट संख्या लिखी है।
- कोच के बाहर रियर व्यू समेत चार प्लेटफार्म साइड कैमरे
- हर कोच में इमरजेंसी लाइट व टच वाली रीडिंग लाइट।
- दिव्यांगों के लिए विशेष शौचालय
- हर कोच में मिनी पैंट्री
- कवच तकनीक से लैस
- बायो वैक्यूम शौचालय
- हर कोच में इन्फोटेनमेंट प्रणाली
- इमरजेंसी अलार्म के साथ टॉक बैक यूनिट
- बोगी में बना रहे थे वीडियो, बंद हो गए गेट