फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: पछुआ हवाओं से प्रदेश में पांच डिग्री गिरा पारा, लखनऊ सहित 19 जिलों में भीषण कोहरा; जारी हुआ अलर्ट

Wed, 17 Dec 2025 07:31 AM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

Weather in UP: यूपी में पछुआ हवाओं से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का असर और बढ़ने वाला है। 
विज्ञापन
यूपी में लगातार बढ़ रही है सर्दी। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और बढ़ती ठंड से आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। सोमवार से शुरू हुए पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ने से प्रदेश में ठिठुरन और गलन और बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के 19 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे और ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में लगभग तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

विज्ञापन


मंगलवार को अयोध्या, प्रयागराज, बरेली, आगरा, गोरखपुर, प्रयागराज और अलीगढ़ में सुबह के समय घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य दर्ज हुई। अन्य कई स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम पहुंचने से यातायात प्रभावित हुआ। 7.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ इटावा प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। वहीं अयोध्या, लखीमपुर खीरी, बुलंदशहर में रात का पारा 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

दिन के समय हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन शाम ढलते ही गलन भरी ठंड ने परेशानी बढ़ा दी। खुले में काम करने वाले मजदूरों, किसानों और राहगीरों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन


आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों में पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी, जिससे तापमान और नीचे जा सकता है। हालांकि, तेज हवाओं के कारण कोहरे की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।

पछुआ से 24 घंटे में 5.5 डिग्री लुढ़का दिन का पारा

 राजधानी में मंगलवार को सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई और दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई। पछुआ के जोर से मंगलवार को दिन के पारे में 5.5 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई और शाम होते ही हवा में ठंडक घुल गई।

हालांकि, दिन के समय हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन शाम ढलते ही गलन भरी ठंड ने परेशानी बढ़ा दी। दिन के समय पछुआ की रफ्तार 15 किमी प्रति घंटे दर्ज हुई। माैसम विभाग का कहना है कि बृहस्पतिवार को भी लखनऊ में कमोबेश ऐसा ही माैसम रहने वाला है।

आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों में पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी, जिससे तापमान में लगभग 2 डिग्री की और गिरावट के आसार हैं। पछुआ की रफ्तार बढ़ने से कोहरे में कमी आने की संभावना भी है। मंगलवार को दिन का तापमान 5.5 डिग्री की गिरावट के साथ 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, रात का पारा 0.6 डिग्री की गिरावट के साथ 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ।
विज्ञापन

बीते चार वर्षों में सबसे ठंडा दिन और सबसे गर्म रात रही

राजधानी में बीते चार वर्षों में 16 दिसंबर के तापमान का विश्लेषण करें, तो इस साल 16 दिसंबर पिछले चार वर्षों में सबसे ठंडा दिन रहा और सबसे गर्म रात रही।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें