मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में जहरीली शराब से हुई मौतों की जांच गृह विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम से कराने का निर्देश दिया है। यही टीम जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई भी करेगी। उधर, मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारीजनों को 2-2 लाख रुपये की मदद की घोषणा की है।
प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन और आबकारी विभाग के लखनऊ से गए अफसरों की अभी तक की जांच में सामने आया है कि तीन लोगों की मौत स्प्रिट पीने से हुई है। बाकी की मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सीएम के निर्देश के बाद अब संयुक्त टीम जांच कर सच का पता लगाएगी। वहीं, आबकारी विभाग की प्रमुख सचिव कल्पना अवस्थी ने इस मामले में किसी अधिकारी की लापरवाही या कार्रवाई की बात से इन्कार किया है।
वहीं, राज्य मानवाधिकार आयोग ने इस मामले में 'अमर उजाला' में छपी खबर का संज्ञान लेते हुए डीएम बाराबंकी और प्रदेश के आबकारी आयुक्त से दो हफ्ते में जांच कर रिपोर्ट मांगी है। चेयरमैन रफत आलम ने जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले को गंभीर बताया है।