यूपी सरकार ने दावा किया है कि कोविड अस्पतालों में सबसे ज्यादा 54 हजार बेड तैयार करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है। इसके साथ ही प्रदेश के हर जिले में वेंटिलेटर सुविधा भी उपलब्ध करवा दी गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को टीम-11 के साथ प्रदेश के अस्पतालों में मिलने वाली सुविधाओं पर अफसरों संग बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना का जब पहला केस आया तब यूपी के 36 जिलों में वेंटिलेटर की सुविधा नहीं थी लेकिन अब प्रदेश के सभी 75 जिलों में वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री योगी ने मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को खुद कोरोना मरीजों की देखभाल करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि यह डॉक्टरों के सामने अपनी समाज सेवा से जनता का दिल जीतने का मौका है इसलिए संवदेशनशीलता के साथ मरीजों की सेवा व देखभाल करें।
उन्होंने कहा कि क्षमता का आंकलन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किया जाता है, इसलिए आपदा काल में बेहतर से बेहतर कार्य करें। इसके लिए प्रदेश सरकार हरसंभव मदद कर रही है। मुख्यमंत्री ने सभी चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ व टेक्नीशियन को भी समुचित प्रशिक्षण देते रहने का निर्देश दिया।