ठंड के कड़े तेवरों से स्कूली बच्चों को राहत पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी ने दस जनवरी को खत्म हो रहे अवकाश को पांच दिन और बढ़ा दिया है।
जिले में संचालित कक्षा आठ तक के स्कूल अब 15 जनवरी तक बंद रहेंगे।
इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश जारी करते हुए जिलाधिकारी अनुराग यादव ने सभी प्राइमरी व जूनियर स्कूलों में इसका अनुपालन कड़ाई से कराने को कहा है।
डीएम ने बताया कि शीतलहरी के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को ठंड से होने वाली दिक्कतों के दृष्टिगत पूर्व में 10 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया था।
गुरुवार को हुई बारिश के बाद चल रही हवाओं के कारण ठंड के तीखे पड़े तेवर देखते हुए आठवीं तक की कक्षाओं के अवकाश को अब 15 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है।
स्कूलों मे अवकाश का यह निर्देश सभी अंग्रेजी व हिन्दी मीडियम (सीबीएससी व आसीएससी) बोर्ड द्वारा संचालित शिक्षण संस्थाओं पर लागू होगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि उक्त निर्देश को न मानने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई हो।
इसके साथ ही ठंड के कारण शुक्रवार 10 जुलाई से प्रस्तावित गणतंत्र दिवस परेड के पूर्वाभ्यास को भी फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
यह पूर्वाभ्यास अब पुलिस लाइन ग्राउंड पर 13 जनवरी से दोपहर 12 बजे से होगा ताकि इसमें हिस्सेदारी करने वाले स्कूल कालेजों के बच्चों को ठंड के कारण परेशानी न उठानी पड़ी।