फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UPSSSC अभ्यर्थियों से सीएम योगी की दो टूक, जांच के बाद ही इंटरव्यू

Tue, 04 Apr 2017 01:22 AM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
सीएम आवास के बाहर प्रदर्शन करते अभ्यर्थी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के लिए आयोजित साक्षात्कार पर रोक लगाने के खिलाफ अभ्यर्थियों ने सोमवार को हंगामा किया और सरकार विरोधी नारे लगाए।
विज्ञापन


बड़ी संख्या में सीएम आवास पहुंचे अभ्यर्थियों ने कहा, आयोग की 2013 में निकाली गई रिक्तियों पर इंटरव्यू को सरकार ने रोक दिया है।

लिखित परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थियों की मांग थी कि सरकार जांच कराना चाहती है तो कराए लेकिन भर्ती प्रक्रिया न रोकी जाए। अभ्यर्थियों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करके अपनी मांग रखी।

मुख्यमंत्री ने कहा, जांच के बाद ही साक्षात्कार प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। सीएम से मिलने के बाद बाहर आए अभ्यर्थियों ने हंगामा जारी रखा। वे काफी देर तक नारेबाजी करते रहे।
विज्ञापन

सीएम से मिला एक प्रतिनिधिमंडल

सुबह मुख्यमंत्री आवास पर फरियादियों का खासा जमावड़ा था। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे युवा भी थे जो अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्तियां रोकने का विरोध कर रहे थे।

मुख्यमंत्री से मिलने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों को सुरक्षाकर्मियों ने गेट पर ही रोक लिया। तब उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल को सीएम से मिलवाया गया।

सीएम ने दो टूक कहा कि जांच के बाद ही भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। बातचीत से असंतुष्ट युवा काफी देर तक सीएम आवास पर ही डटे रहे। अफसरों के समझाने के बाद प्रदर्शनकारी हट तो गए लेकिन जीपीओ पार्क में फिर जुट गए।

उनका कहना था कि बिना नोटिस रोक लगाने से 30 हजार अभ्यर्थियों का भविष्य अंधेरे में फंस गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो 10 अप्रैल को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा।

इन पदों की भर्ती पर लगाई गई है रोक

प्रदर्शन करते अभ्यर्थी - फोटो : amar ujala
प्रतियोगियों ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी, जूनियर असिस्टेंट, अकाउंटेंट सहित कई भर्तियों के साक्षात्कार पर नई सरकार ने बिना किसी नोटिस के रोक लगा दी है। इस नाते हजारों अभ्यर्थियों का कॅरिअर दांव पर लग गया है।

अभ्यर्थी लिखित परीक्षा पास करके अंतिम चरण पर खड़े हैं। इनमें से अधिकतर निम्न और मध्यमवर्गीय परिवारों से हैं। अगर साक्षात्कार शुरू नहीं हुआ तो अभ्यर्थियों और उनके परिवारीजनों की उम्मीदों पर पानी फिर जाएगा।

सीएम आवास पर ज्ञापन सौंपने के बाद छात्रों ने जीपीओ पार्क में प्रदर्शन करके आगे की रणनीति बनाई। कहा, अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा। धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
विज्ञापन

तुम्हें रोकने की हिम्मत कहां

जीपीओ पार्क में बैठक करके आगे की रणनीति बनाने में जुटे अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अभ्यर्थियों को पुलिस ने डांट कर भगा दिया।

कहा, अगर पांच मिनट में यहां से नहीं गए तो अंजाम भुगतना पड़ेगा। तभी सिर पर भगवा गमछा बांधे लगभग एक दर्जन युवक आए और प्रदर्शन की अनुमति मांगने के साथ ही ज्ञापन सौंपा।

उन्हें देखकर पुलिस वालों के भाव बदल गए और कहा कि ‘अरे भैया तुम तो क्रांतिकारी दल के हो, तुमको हम मना करें हमारी इतनी हिम्मत कहां’।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें