उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने सपा शासनकाल में शुरू की गई नलकूप चालक भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। आयोग ने भर्ती प्रक्रिया में बदलाव करते हुए चयन स्क्रीनिंग परीक्षा व इंटरव्यू की जगह सिर्फ लिखित परीक्षा के आधार पर करने की योजना बनाई है।
आयोग ने वर्ष 2016 में नलकूप चालक के 3,210 पदों के लिए भर्ती निकाली थी। इसके लिए स्क्रीनिंग परीक्षा और फिर इंटरव्यू के आधार पर भर्ती का एलान किया था। स्क्रीनिंग परीक्षा के जरिए सिर्फ तय संख्या में अभ्यर्थियों का चयन किया जाना था। इसके बाद इंटरव्यू के आधार पर भर्ती करने का प्रावधान किया गया था।
ऐसे में मनचाहे अभ्यर्थी को मनमाना अंक देकर चयनित की गुंजाइश थी। वहीं, इंटरव्यू के आधार पर चयन में इस तरह के आरोप लगते ही रहते हैं। इन पदों के लिए 2,00,640 आवेदन आए थे। इस बीच योगी आदित्यनाथ सरकार आ गई और आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष व सदस्यों के इस्तीफे की वजह से भर्ती प्रक्रिया रुक गई। नवगठित आयोग ने इस अधूरी भर्ती प्रक्रिया को शुरू करने के लिए सेवा नियमावली का परीक्षण कराया।