सीएम योगी ने कहा कि सामाजिक भेदभाव के खिलाफ डॉ. अंबेडकर की जयंती पर हमने पूरे प्रदेश को एक समान बिजली देने का मानक शुरू किया है तभी से देवा की तरह महादेवा को भी बिजली मिलने लगी। अब भेदभाव नहीं होगा। जल्द ही महादेवा पर्यटन स्थल बनेगा।
उन्होंने कहा कि अयोध्या, मथुरा वृंदावन, बरसाना, गोकुल व काशी का विकास एक बोर्ड का गठन कर विकास को नई गति दी जा रही है। इससे व्यापार की संभावना के साथ ही नौजवानों के रोजगार की व्यवस्था भी सरकार कर रही है।
वन महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा बचाओ अभियान शुरु किया गया है। लाखो लोगों ने संकल्प लिया है कि गंगा मइया की निर्मलता व अविरलता के लिए एक-एक पेड़ लगाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले के जनप्रतिनिधि देवा में भी वहां के मुतवल्ली से मिलकर वहां पौधरोपण कराए। इस मौके पर सीएम ने प्रधान आवास, उज्जवला योजना के लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र व चेक सौंपी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चार पौधे लगाए। सबसे पहले पारिजात, आम, बरगद के पौधे रोपित किए। महादेव वाटिका नाम देकर पौधरोपण के स्थान को एतिहासिक बनाने के लिए केंद्रीय वन पर्यावरण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, वनमंत्री दारा सिंह चौहान, सांसद प्रियंका सिंह रावत, विधायक शरद अवस्थी, जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, साकेंद्र वर्मा, उपेंद्र रावत, बैजनाथ रावत, सतीश शर्मा, प्रमुख सचिव वन कल्पना अवस्थी, डीएम उदयभानु त्रिपाठी, एसपी वीपी श्रीवास्तव आदि ने भी पौधरोपण किया।
एक दिन में 9 करोड़ पौधे लगाकर बनाएंगे रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि 15 अगस्त को सभी सरकारी, निजी स्कूलों, कार्यालयों, ग्राम समाज की जमीनों पर प्रधान से लेकर विधायक, सांसदों के माध्यम से एक दिन में नौ करोड़ पौधे रोपित कर एक रिकार्ड बनाया जाएगा। उन्होंने संकल्प दिलाते हुए कहा कि पौधरोपण के साथ ही उसको बचाने की जिम्मेदारी भी लोग लें।