तकनीकी कॉलेजों में दाखिले के लिए उत्तर प्रदेश स्टेट एंट्रेंस एग्जाम (एसईई) के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 मार्च तक बढ़ा दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि पांच मार्च थी।
एसईई करा रहे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय ‘एकेटीयू’ के रजिस्ट्रार पवन कुमार गंगवार ने बताया कि विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए आवेदन की तिथि बढ़ाई गई है।
उल्लेखनीय है कि एसईई के लिए आवेदन 15 जनवरी से शुरू हुए हैं। पहले 28 फरवरी, फिर पांच मार्च आवेदन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई। यह तीसरी बार है जब आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है।
वहीं प्रवेश परीक्षा के समन्वयक प्रो. कुलदीप सहाय ने बताया कि शुक्रवार तक यूजी-पीजी के कोर्सेज के लिए 1.42 लाख आवेदन आए हैं। जबकि 1.32 लाख विद्यार्थियों ने शुल्क जमा कर दिए हैं।
गत वर्ष लगभग डेढ़ लाख आवेदन आए थे। प्रवेश परीक्षा 16, 22 और 23 अप्रैल को होगी। माना जा रहा है कि विद्यार्थियों के कम हुए आवेदन को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन अंतिम तिथि बढ़ा रहा है।